news-details

संपूर्ण समाधान दिवस में 203 शिकायतें

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। तहसील अजीतमल में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल 203 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 19 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक अपने कार्यालयों में बैठकर आमजन की शिकायतें सुनें और उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखते हुए आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण भी किया जाए, ताकि शिकायतकर्ता संतुष्ट हो।समाधान दिवस में परिवार रजिस्टर में मृतक दर्ज न होने, विद्युत कनेक्शन के भार में संशोधन और भूमि पर अवैध कब्जे सहित विभिन्न मामलों की शिकायतें सामने आईं। डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के लाभार्थी को डेमो चेक, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के दो लाभार्थियों को सिलाई मशीन तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के दो पात्रों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।वृक्षारोपण अभियान-2026 के तहत जिलाधिकारी ने कदम और पुलिस अधीक्षक ने पाकड़ का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अमित कुमार त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह, तहसीलदार अविनाश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।