
Pardarshi Vikas News Lalitpur
पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण कर पुलिस बल की कार्यक्षमता, अनुशासन और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने परेड की सलामी लेने के बाद ड्रिल, ड्रेस कोड, तालमेल और अनुशासन की बारीकी से समीक्षा की। इस दौरान एसपी ने रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण का निरीक्षण करते हुए उनकी दक्षता परखी और बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित शस्त्रागार, परिवहन शाखा, भोजनालय, क्वार्टर गार्ड, कैंटीन और कंट्रोल रूम का स्थलीय निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और संसाधनों की स्थिति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। एसपी ने डायल-112 के पीआरवी वाहनों का भी निरीक्षण किया। वाहनों की साफ-सफाई, वायरलेस सेट, जीपीएस ट्रैकर, टैब और अन्य आपात उपकरणों की कार्यशीलता जांची गई। पीआरवी स्टाफ को आमजन के प्रति संवेदनशील, संयमित और सेवा भाव से कार्य करने के निर्देश दिए गए। साथ ही रिस्पॉन्स टाइम बेहतर करने पर जोर दिया गया। इसके बाद आयोजित अर्दली रूम में विभागीय रजिस्टरों, शिकायतों और लंबित पत्रावलियों की समीक्षा कर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनकर उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन्स सुनील भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।