
PARDARSHI VIKASH NEWS वाराणसी के सारनाथ फ्लाइओवर पर रविवार रात तेज रफ्तार स्विफ्ट कार में अचानक धमाके के साथ आग लग गई। पहाड़िया से सारनाथ की ओर जा रही कार कुछ ही मिनटों में आग का गोला बन गई। कार सवार चौबेपुर थाना क्षेत्र के बराई निवासी अभिलाष सिंह और उनका दोस्त समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि फ्लाइओवर पर चढ़ते समय कार गर्म होने लगी थी। सारनाथ से संदहा चौराहे के बीच बोनट से पहले धुआं निकला, फिर चिंगारी के साथ आग भड़क उठी। आग लगते ही फ्लाइओवर पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। डीजल टंकी फटने की आशंका से लोग दूर हट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने इलाके को खाली कराया और फायर ब्रिगेड को बुलाया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। सीटें और अंदर रखा सामान राख हो गया। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या इंजन ओवरहीटिंग की जताई जा रही है।