
पारदर्शी विकास न्यूज़ वृन्दावन।
चामुंडा मोड़ स्थित आनंद धाम आश्रम (ठाकुरश्री शेषनारायण मंदिर) में श्रीविष्णु स्वामी आचार्य जयंती महोत्सव श्रद्धा और धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः विष्णु स्वामी अखाड़ा ज्ञान गुदड़ी से आश्रम तक भव्य शोभायात्रा से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। इसके बाद आचार्य रोहित रिछारिया के सानिध्य में संगीतमय सुंदरकांड का सामूहिक पाठ हुआ और संत-विद्वत सम्मेलन आयोजित किया गया।
कांगड़ा पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी शारदानंद सरस्वती ने कहा कि श्रीविष्णु स्वामी आचार्य जैसी दिव्य विभूतियों के कारण धर्म और अध्यात्म की परंपरा जीवंत है। आश्रम के संस्थापक अध्यक्ष जगद्गुरु विष्णुस्वामी विजयराम देवाचार्य भैयाजी महाराज और महंत जयराम दास ने उनके आध्यात्मिक व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। विद्वानों ने उनके वेद-वेदांत एवं पुराणों के ज्ञान की चर्चा की। साहित्यकार डॉ. गोपाल चतुर्वेदी व महामंडलेश्वर स्वामी आदित्यानंद गिरि ने आश्रम की संत सेवा, गौसेवा और जरूरतमंदों के लिए चल रहे सेवा कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनोज मोहन शास्त्री ने किया। समापन संत, ब्रजवासी एवं वैष्णव सेवा तथा विशाल भंडारे के साथ हुआ।