
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसे में स्ट्रीट लाइट में उतरे करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में उसकी बहन गंभीर रूप से झुलस गई। घटना शहर के लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के सामने हुई। मृतक की पहचान बहराइच जिले के हुजूरपुर थाना क्षेत्र के बगड़वा गांव निवासी 24 वर्षीय विमल पुत्र श्रीकांत के रूप में हुई है। वह अपनी 20 वर्षीय बहन प्राची को बीएड की अंतिम परीक्षा दिलाने के लिए गोंडा आया था। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे दोनों कॉलेज पहुंचे थे। इसी दौरान हल्की बारिश शुरू हो गई, जिससे बचने के लिए दोनों मॉडल वेंडिंग जोन के पास नगर पालिका की स्ट्रीट लाइट के नीचे खड़े हो गए। बताया जा रहा है कि स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट उतर रहा था। जैसे ही विमल उसके संपर्क में आया, वह करंट की चपेट में आ गया। भाई को बचाने की कोशिश में प्राची भी करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने विमल को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्राची का गोंडा मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।