
पारदर्शी विकास न्यूज़ वृंदावन। गांधी मार्ग स्थित श्रीनाथ धाम में चल रहे सप्त दिवसीय 30वें अष्टोत्तरशत श्रीमद्भागवत सप्ताह पारायण एवं कथा महोत्सव के दूसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का वातावरण रहा। विश्वविख्यात भागवत प्रवक्ता पुराणाचार्य डॉ. मनोज मोहन शास्त्री ने देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा सुनाई। सायंकाल श्रीहनुमद् आराधन मंडल की ओर से संगीतमय सुंदरकांड का सामूहिक पाठ किया गया। इसके बाद श्रीहनुमानजी महाराज की आरती हुई।डॉ. मनोज मोहन शास्त्री ने कहा कि सुंदरकांड का पाठ सभी प्रकार की बाधाओं को दूर करने वाला है। इसके पाठ से श्रीहनुमानजी महाराज प्रसन्न होकर भक्तों को मनवांछित फल प्रदान करते हैं।ठाकुर श्रीराधा रमण मंदिर के सेवाधिकारी देवांशु गोस्वामी और वानप्रस्थ धाम के संस्थापक डॉ. चतुर नारायण पाराशर ने कहा कि श्रीहनुमानजी वीरता, स्वामीभक्ति और बुद्धि-ज्ञान जैसे सद्गुणों के प्रतीक हैं। डॉ. गोपाल चतुर्वेदी और भागवताचार्य रमाकांत गोस्वामी ने कहा कि कलिकाल में श्रीहनुमानजी की आराधना भगवान श्रीराम की भक्ति का मार्ग प्रशस्त करती है।कार्यक्रम में भजन गायकों ने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। आयोजन के अंत में संत, विप्र और ब्रजवासियों की सेवा के साथ वृहद भंडारे का आयोजन किया गया।