
युवक के पेट से निकाली सात फीट की लाठी
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। डॉक्टरों की टीम ने एक बेहद जटिल और दुर्लभ सर्जरी कर 19 वर्षीय विशाल यादव की जान बचा ली। कन्नौज के तिर्वा निवासी विशाल घर की दूसरी मंजिल पर गिल्ली-डंडा खेल रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और वहां रखी करीब सात फीट लंबी लाठी उसके पेट में घुसकर दाहिनी कांख तक आर-पार हो गई। लाठी का करीब तीन फीट हिस्सा शरीर के अंदर चला गया था।गंभीर हालत में परिजन उसे पहले मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां से कानपुर रेफर किया गया। कल्याणपुर के अस्पताल में वरिष्ठ सर्जन डॉ. बृजेश यादव और उनकी टीम ने तुरंत ऑपरेशन की तैयारी की। सर्जरी के दौरान शरीर के बाहर निकले लाठी के हिस्से को ग्राइंडर से काटा गया। इसके बाद लाठी को करीब एक-एक इंच करके सावधानी से बाहर निकाला गया। लाठी निकालते समय क्षतिग्रस्त अंगों की मरम्मत भी साथ-साथ की गई।ऑपरेशन में करीब साढ़े चार घंटे लगे। डॉक्टरों के साथ तीन सदस्यीय सर्जिकल टीम, दो एनेस्थेटिस्ट और पैरामेडिकल स्टाफ शामिल रहा। डॉक्टरों के अनुसार इतनी जटिल सर्जरी में बड़े शहरों में लाखों रुपये खर्च हो सकते हैं। अब विशाल की हालत सामान्य है। हाल ही में हुए रूटीन चेकअप में उसकी स्थिति बेहतर पाई गई और डॉक्टरों ने उसे सामान्य भोजन शुरू करने की अनुमति दे दी।