
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। यूपी में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने शनिवार को नई दिल्ली के 10 जनपथ में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात के बाद अपनी पार्टी के INDIA गठबंधन में शामिल होने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा और गठबंधन की लड़ाई समान है। सीटों के बंटवारे और चुनावी रणनीति पर आगे चर्चा होगी।स्वामी प्रसाद ने कहा कि उनकी पार्टी संविधान की रक्षा और सामाजिक मुद्दों को लेकर गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने राहुल गांधी को देश का अगला प्रधानमंत्री बनाने की इच्छा भी जताई। उनके अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यकों के मुद्दों को लेकर दोनों पक्षों की प्राथमिकताएं समान हैं।यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य की पार्टी 2027 में INDIA गठबंधन के साथ काम करेगी। उन्होंने भविष्य में अन्य दलों और नेताओं के जुड़ने की बात भी कही। पार्टी के कांग्रेस में विलय की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि अभी इस संबंध में कोई बातचीत नहीं हुई है।स्वामी प्रसाद ने 2024 में अपनी पार्टी बनाई थी और लोकसभा चुनाव में कुशीनगर से चुनाव लड़ा, जहां उन्हें 36,575 वोट मिले थे। इससे पहले वह बसपा, भाजपा और सपा में रह चुके हैं। योगी सरकार में वह श्रम, रोजगार और समन्वय मंत्री भी रहे हैं।