
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में अगस्त 2026 में सेवानिवृत्त हुए दो अधिकारियों और दस कर्मचारियों के सम्मान में प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने की। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया और फोल्डर प्रदान किए।महाप्रबंधक ने कहा कि सेवानिवृत्ति नौकरी से विदाई है, जीवन से नहीं, बल्कि नए और सार्थक अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को स्वास्थ्य, परिवार, वित्तीय प्रबंधन और सामाजिक सरोकारों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही सकारात्मक सोच, आध्यात्मिक चेतना और अच्छे कार्यों से जुड़े रहने का संदेश दिया।सेवानिवृत्त वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त संजय पीसे और सहायक वित्त सलाहकार रमा शंकर जायसवाल सहित अन्य कर्मियों ने सेवाकाल के अनुभव और संस्मरण साझा किए। अधिकारियों ने नियमित स्वास्थ्य जांच, व्यायाम, संतुलित आहार और ध्यान पर जोर दिया। बैंक अधिकारियों ने वित्तीय प्रबंधन, निवेश, साइबर सुरक्षा और सेवानिवृत्ति लाभों के विवेकपूर्ण उपयोग की जानकारी दी।अगस्त में सेवानिवृत्त होने वालों में संजय पीसे, रमा शंकर जायसवाल, विनोद कुमार सिंह, धर्मशीला देवी, राजाराम, देवानंद देव पाण्डेय, संजू सिन्हा, फूला देवी, शशि भूषण, नय्यर आजम, किरन देवी और शिवशंकर कुमार शामिल रहे। समारोह में बरेका के अधिकारी, कर्मचारी, परिजन और सहकर्मी मौजूद रहे।