
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। गौशाला चौराहे से शनिदेव मंदिर तक चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य के कारण क्षेत्रवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क खोदे जाने से सोटे बाबा मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं, यूपी किराना स्कूल के विद्यार्थियों तथा संजय वन में सुबह टहलने आने वाले लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है।समस्या को देखते हुए पार्षद अवधेश त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल निगम के जेई पीयूष चौहान, जलकल जोन-3 के अधिशासी अभियंता सचिन यादव और जेई मनु को मौके पर बुलाकर स्थिति का जायजा लिया तथा जल्द समाधान के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जल निगम अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मंगलवार रात से ही सड़क पर जीएसबी (बालू-गिट्टी मिश्रण) डाला जाएगा, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके। अधिकारियों ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर सड़क निर्माण कार्य पूरा कर मार्ग को सुचारु रूप से चालू कर दिया जाएगा।पार्षद ने अधिकारियों से निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों को अधिक समय तक परेशानी का सामना न करना पड़े।