
पारदर्शी विकास न्यूज़ कासगंज। सहकार भारती उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ विभाग का दो दिवसीय अभ्यास वर्ग सोमवार को रानी लक्ष्मीबाई कम्युनिटी हॉल, नदरई गेट, कासगंज में उत्साह और गरिमामय वातावरण में प्रारंभ हुआ। अभ्यास वर्ग का शुभारंभ भारत माता एवं सहकार भारती के संस्थापक परम श्रद्धेय स्वर्गीय लक्ष्मणराव इनामदार के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।कार्यक्रम का संचालन सह विभाग संयोजक शैलेंद्र सिंह ने किया, जबकि अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचार प्रमुख नरेश नंदन पुंडीर ने की। कार्यक्रम में अशोक सिसोदिया, अरविंद दुबे, प्रदेश महामंत्री, करमबीर सिंह, संगठन प्रमुख तथा देवेंद्र स्वरूप वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान विभाग प्रमुख विकास यादव और जिला अध्यक्ष हृदेश पुंडीर ने अतिथियों का मोमेंटो देकर स्वागत किया।अभ्यास वर्ग के विभिन्न सत्रों में सहकारिता के इतिहास, संगठन निर्माण, आर्थिक स्वावलंबन, सहकारिता के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने तथा स्वावलंबी भारत के निर्माण जैसे विषयों पर विस्तार से चिंतन-मंथन किया गया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय सत्र को करमबीर सिंह, कैलाश निषाद, प्रदेश मंत्री, अभिनव कश्यप, प्रदेश प्रमुख मत्स्य तथा राजेश सिंह चौहान, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य ने संबोधित किया।वक्ताओं ने सहकारिता को आर्थिक और सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यकर्ताओं से सहकारिता के मूल उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया।अभ्यास वर्ग के पहले दिन के सत्रों का समापन हो गया। दूसरे दिन 15 सितंबर को सुबह 9 बजे से अभ्यास वर्ग शुरू होगा, जिसका समापन दोपहर 2 बजे किया जाएगा।अभ्यास वर्ग में अलीगढ़ विभाग के अंतर्गत आने वाले अलीगढ़, एटा, हाथरस और कासगंज जनपदों के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी, जनपद एवं महानगर/नगर पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी सहभागी हो रहे हैं। आयोजन के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों, सहकारिता के विस्तार और आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
