
कानपुर ग्रामीण। सहकार भारती की ओर से कानपुर ग्रामीण की बैठक का आयोजन उदय शंकर विद्या मंदिर, कैंधा, हृदयपुर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ हुआ। बैठक में महिलाओं को स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश एसएचजी प्रमुख तृप्ति अग्निहोत्री ने महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एसएचजी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने महिलाओं से सहकार भारती की सदस्यता ग्रहण कर संगठन से जुड़ने और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।एसएचजी सहप्रमुख कानपुर नगर श्वेता मिश्रा ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। वहीं महिला प्रमुख कानपुर नगर सुमन ने महिलाओं को स्वरोजगार के विभिन्न माध्यमों और छोटे उद्योगों के बारे में जानकारी देकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रेरित किया।बैठक में महिला सहप्रमुख मीनू त्रिवेदी सहित क्षेत्र की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर सामाजिक एवं आर्थिक विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
