
PARDARSHI VIKASH NEWS समाजवादी पार्टी के जिला संगठन ने जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम के नेतृत्व में जिलाधिकारी को राज्यपाल संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जनपद की विभिन्न गंभीर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।पार्टी ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों पर तत्काल रोक लगाने और हाल ही में हुई मूल्यवृद्धि को वापस लेने की मांग उठाई। इसके साथ ही भीषण गर्मी के बीच हो रही अघोषित बिजली कटौती पर नाराजगी जताते हुए जिले में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील की गई।सपा कार्यकर्ताओं ने जिले की खराब यातायात व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के किनारे अधूरी सर्विस रोड को पूरा कराने, सिकरोड़ी रोड बाबरपुर, अजीतमल पावर हाउस, औरैया मंडी गेट और जैतापुर सहित विभिन्न स्थानों पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग की।इसके अलावा अछल्दा नहर पुल के चौड़ीकरण, पाता-हरचंदपुर मार्ग के निर्माण और याकूबपुर-दिबियापुर मार्ग को सात मीटर चौड़ा करने की भी मांग रखी गई। जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति सुधार, पाइपलाइन कार्य के बाद गलियों की मरम्मत और बिधूना में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के निर्माण कार्य को तेज करने की मांग भी शामिल रही।ज्ञापन सौंपने वालों में दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, बिधूना विधायक रेखा वर्मा, लालजी शुक्ला, पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता सहित एक सौ से अधिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।