
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री राजेन्द्र चौधरी को गुरुवार दोपहर दिल का दौरा पड़ने के बाद सिविल अस्पताल से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल हार्ट विभाग के वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई को पार्टी कार्यालय में पूर्व अध्यक्ष राम शरण दास की जयंती कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 11:15 बजे मंच की ओर बढ़ते समय राजेन्द्र चौधरी अचानक लड़खड़ाकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक की आशंका जताई गई।अस्पताल में उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा तत्काल उपचार शुरू किया गया। बाद में स्थिति को देखते हुए दोपहर करीब 2:30 बजे उन्हें बेहतर इलाज के लिए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।घटना की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सिविल अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। अखिलेश यादव ने कहा कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।डॉक्टरों की ओर से अभी तक आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। मरीज की स्थिति पर आगे की अपडेट जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।