
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की साजिश रचने वाला दिनेश यादव समाजवादी पार्टी की लोहिया वाहिनी का पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रह चुका है। पुलिस ने दिनेश यादव और उसके ड्राइवर मुकर्रबीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हत्या को अंजाम देने वाले दोनों शूटर अभी फरार हैं।जांच के अनुसार, प्रॉपर्टी विवाद को लेकर दिनेश यादव और संदीप सिंह के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। इसी विवाद के चलते दिनेश ने करीब 5 लाख रुपये की सुपारी देकर संदीप की हत्या की योजना बनाई। मुकर्रबीन ने अपने संपर्कों के माध्यम से शूटरों से संपर्क कराया और उनकी रहने व आने-जाने की व्यवस्था की गई। कई दिनों तक संदीप की गतिविधियों और रूट की रेकी की गई, जिसके बाद 27 मई को पीजीआई क्षेत्र में दिनदहाड़े गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई।पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के लिए सेकंड हैंड अपाचे बाइक खरीदी गई थी, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। हत्या के दिन दिनेश यादव और उसका ड्राइवर लखनऊ से बाहर चले गए थे ताकि उन पर शक न हो। घटना के बाद शूटरों ने फोन कर हत्या की सूचना दी थी। पुलिस ने दिनेश के कब्जे से चार लग्जरी गाड़ियां भी जब्त की हैं।दिनेश यादव की सोशल मीडिया पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ कई तस्वीरें सामने आई हैं। हालांकि पार्टी नेताओं का कहना है कि वह वर्तमान में संगठन की गतिविधियों में सक्रिय नहीं था। पुलिस फरार शूटरों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।