
pardarshi vikas news lucknow
जम्मू में सर छोटू राम जाट धर्मशाला का निर्माण कार्य पूरा हो गया है, जिससे भारतीय जाट समाज के लोगों को बड़ी राहत मिली है। यह धर्मशाला समाज के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है, जहां दूर-दराज से आने वाले लोगों के ठहरने और भोजन की सुविधा उपलब्ध होगी। इस उपलब्धि पर भारतीय जाट सभा लखनऊ ने धर्मशाला के महासचिव चौधरी कमल सिंह को सम्मानित किया। लखनऊ आगमन पर सभा के महासचिव धर्मेंद्र कुमार ने उनका स्वागत किया। चौधरी कमल सिंह, जो जाट कल्याण सभा जम्मू के अध्यक्ष भी हैं, ने बताया कि वर्ष 2014 से लगातार प्रयासों के बाद 2026 में यह निर्माण कार्य पूरा हो सका। धर्मशाला के निर्माण में देशभर के जाट समाज का सहयोग मिला। विभिन्न राज्यों में रहने वाले समाज के लोगों ने आर्थिक योगदान दिया, जिसमें करीब 26.5 लाख रुपये से अधिक की राशि जुटाई गई। भारतीय जाट सभा लखनऊ ने भी इसमें सहयोग किया। चौधरी कमल सिंह ने बताया कि कटरा में भी सर छोटू राम धर्मशाला का निर्माण प्रस्तावित है, जिससे माता वैष्णो देवी आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने में सुविधा मिलेगी। इस परियोजना में पूर्व डीजीपी डॉ. महेंद्र सिंह मलिक के प्रयास जारी हैं। समाज के लोगों ने इसे एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है।