
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। सरोजनी नगर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दुकान में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।पुलिस के अनुसार, कृष्णा नगर निवासी गुरुपति सलूजा की ट्रांसपोर्ट नगर में दीप इंटरप्राइजेज नाम से दुकान है। यहां फॉल सीलिंग में इस्तेमाल होने वाली लोहे की जाली का काम होता है। शुक्रवार देर शाम दुकान बंद कर वह घर चले गए थे।शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे दुकान के अंदर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने तुरंत फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची सरोजनी नगर फायर स्टेशन की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।आग की भयावहता को देखते हुए आलमबाग फायर स्टेशन से भी एक दमकल गाड़ी बुलानी पड़ी। तीनों दमकल गाड़ियों की मदद से आग को फैलने से रोका गया और काफी प्रयास के बाद पूरी तरह बुझा दिया गया।अग्निकांड में दुकान के अंदर रखा फॉल सीलिंग का सामान और भारी मात्रा में कबाड़ जलकर नष्ट हो गया। हालांकि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।