
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। अखंडनगर थाना क्षेत्र के सरावां गांव में बाइक सवार दो युवकों ने 28 वर्षीय राजन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से घायल राजन को परिजन सीएचसी अखंडनगर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। राजन के मुताबिक वह अलीपुर बाजार स्थित घर जा रहा था, तभी प्राथमिक विद्यालय के पास बाइक सवार युवकों ने उस पर गोली चलाई। घायल ने गांव के कुछ लोगों पर हमले का आरोप लगाते हुए उन्हें पहचानने की बात कही है। घटना के पीछे ग्राम पंचायत चुनाव की रंजिश बताई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा और सीओ कादीपुर विनय गौतम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।