
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर में सरकारी डॉक्टर डॉ. संदीप सिंह (47) ने रविवार रात निराला नगर स्थित ब्लॉसम अपार्टमेंट में लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर पत्नी कंचन कमरे में पहुंचीं तो संदीप घायल अवस्था में मिले। परिजन उन्हें रीजेंसी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक घटना रात करीब दो बजे की है। पत्नी कंचन ने बताया कि संदीप उनके साथ बैठे थे और उनकी गोद में ढाई महीने का बेटा था। कुछ देर बाद वह अलमारी से रिवॉल्वर लेकर मंदिर वाले कमरे में चले गए। उनके पीछे पहुंचने तक घटना हो चुकी थी। संदीप के भाई विक्रम ने बताया कि रविवार को घर में छोटी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पिता राज बहादुर ने भी बताया कि दोनों के बीच पहले से घरेलू विवाद होते रहते थे। किदवई नगर थाना प्रभारी नीरज द्विवेदी ने बताया कि प्रथमदृष्टया पारिवारिक कलह की बात सामने आई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी के अनुसार फोरेंसिक टीम ने लाइसेंसी रिवॉल्वर जब्त कर लिया है। संदीप कानपुर देहात के अकबरपुर स्थित सीएचसी में जनरल सर्जन के पद पर तैनात थे। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद मौत की सही वजह स्पष्ट होगी।
सीने में गोली मारकर सुसाइड का मामला सामने आया है। प्रथमदृष्टया पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पूछताछ के बाद ही सही वजह साफ हो सकेगी।-किदवई नगर थानाध्यक्ष नीरज द्विवेदी