
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र में सरयू नदी में डूबे तीसरे किशोर का शव भी रविवार को बरामद कर लिया गया। SDRF और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने तलाश अभियान चलाकर तीनों शवों को बाहर निकाला। तीसरा शव मानस पांडे का था, जो घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर मिला। तीनों किशोर अपने परिवार के इकलौते बेटे थे, जिससे गांव में गहरा शोक है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शनिवार दोपहर तहसीनपुर गांव के पांच किशोर सरयू नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान 14 वर्षीय सत्यम पांडे, 15 वर्षीय मानस पांडे और 17 वर्षीय अमित पांडे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। वहीं 16 वर्षीय ध्रुव पांडे और 14 वर्षीय अंश पांडे किसी तरह बाहर निकल आए। घटना के बाद पुलिस, प्रशासन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। रौनाही प्रभारी लाल चंद्र सरोज ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।