news-details

सड़क बदहाल, काफिला शानदार! डिप्टी सीएम के दौरे पर उठे सवाल

You can share this post!


चढ़ावे का पैसा खाने वाला सुख नहीं भोगेगा:मौर्य

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को कानपुर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रमों में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। वहीं राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े मामले पर उन्होंने कहा कि जांच चल रही है और अगर कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।डिप्टी सीएम के काफिले के दौरान दीप टॉकीज तिराहे के पास जर्जर सड़क से गुजरने का वीडियो भी सामने आया। स्थानीय लोगों ने खराब सड़क को लेकर सवाल उठाए। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डीजल-पेट्रोल के कम इस्तेमाल और पर्यावरण संरक्षण के आह्वान के बीच डिप्टी सीएम के काफिले में कई गाड़ियों के शामिल होने को लेकर भी चर्चा हुई।केशव प्रसाद मौर्य ने राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़ी शिकायतों पर कहा कि मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। मामले की जांच एसआईटी कर रही है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के चढ़ावे का पैसा जिसने भी गलत तरीके से लिया होगा, वह उसका सुख नहीं भोग पाएगा। जांच पूरी होने के बाद दोषियों से रिकवरी कराई जाएगी। एफआईआर के सवाल पर उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, विश्वास और विरासत के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में जितना काम हुआ है, उतना कांग्रेस अपने लंबे राजनीतिक इतिहास में नहीं कर सकी।उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और गरीब कल्याण योजनाओं को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। कानपुर के विकास पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि 2014 के बाद शहर में काफी बदलाव आया है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं में सुधार हुआ है।समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए केशव मौर्य ने कहा कि विपक्ष समाज को बांटने की राजनीति कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। भाजपा में मतभेद की चर्चाओं को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है।डिप्टी सीएम ने बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में केंद्र सरकार की योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कई स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने बाल विकास विभाग के कार्यक्रम में एक बच्ची को गोद में लेकर दुलारा और उपहार भी दिया।कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, विधायक नीलिमा कटियार, सुरेश अवस्थी महेश त्रिवेदी , जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह, अनिल दीक्षित , उपेंद्र पासवान ,संदीप ठाकुर ,पंडित विकास दुबे समेत भाजपा के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

जर्जर रोड से गुजरा डिप्टी सीएम का काफिला
कानपुर में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के दौरे के दौरान शहर की जर्जर सड़कों का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया। दीप टॉकीज तिराहे के पास खराब सड़क से गुजरते डिप्टी सीएम के काफिले का वीडियो सामने आया है। स्थानीय लोगों ने सड़क की हालत को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि वीआईपी दौरे के दौरान भी अगर सड़कें बदहाल नजर आ रही हैं तो आम जनता की परेशानी का अंदाजा लगाया जा सकता है।

वीआईपी मूवमेंट में गाड़ियों की कतार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार पेट्रोल-डीजल की बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों से अपील करते रहे हैं। इसी बीच कानपुर में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के काफिले में बड़ी संख्या में गाड़ियों के शामिल होने का वीडियो सामने आया, जिसके बाद चर्चा शुरू हो गई। दीप टॉकीज तिराहे से गुजरते काफिले के दौरान स्थानीय लोगों ने इस पर सवाल उठाए। सोशल मीडिया पर भी लोग वीआईपी मूवमेंट और ईंधन बचत के संदेश को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।