news-details

सड़क हादसे में रिफाइनरी फैक्ट्री के चौकीदार की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS नवाबगंज थाना क्षेत्र के वेग गांव निवासी 45 वर्षीय अवनीश यादव उर्फ बबलू की मंगलवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। वह सादिकपुर स्थित एक रिफाइनरी फैक्ट्री में चौकीदार के पद पर तैनात थे। ड्यूटी खत्म कर साइकिल से घर लौटते समय फैक्ट्री के बाहर एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।जानकारी के मुताबिक, अवनीश यादव सुबह करीब पांच बजे अपनी शिफ्ट पूरी कर साइकिल से घर के लिए निकले थे। फैक्ट्री गेट से बाहर निकलते ही तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह साइकिल समेत करीब 15 मीटर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने घायल अवनीश को सीएचसी बरौन पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया।मौत की सूचना के बाद परिजन शव को लेकर फैक्ट्री पहुंचे और गेट पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर भीड़ जुटने से कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।अधिकारियों और फैक्ट्री प्रबंधन से बातचीत के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और हादसे की जांच में जुटी है।अवनीश यादव अपने पीछे पत्नी रेखा देवी, चार बेटों और माता-पिता सहित परिवार को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद गांव और परिवार में शोक का माहौल है।