news-details

सड़क पर उतरे लोग, बोले- फुटपाथ पर अवैध कब्जा बंद करो

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS लखनऊ के आशियाना स्थित एलडीए कॉलोनी के गौतम बुद्ध पार्क के बाहर प्रस्तावित मॉडल वेंडिंग जोन के निर्माण को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी पार्क के बाहर इकट्ठा हुए और नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए निर्माण कार्य तत्काल बंद कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि फुटपाथ और पार्क की बाउंड्री के किनारे अवैध रूप से पक्का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे आम लोगों का रास्ता बाधित होगा और भविष्य में गंभीर ट्रैफिक समस्या पैदा होगी।प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सड़क पर बल्ली और रस्सी लगाकर रास्ता जाम कर दिया तथा नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान जाम में फंसी एक एंबुलेंस को प्रदर्शनकारियों ने तुरंत रास्ता देकर मानवता का परिचय भी दिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले विरोध के बाद नगर निगम ने निर्माण कार्य रोक दिया था, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से 60 से अधिक दुकानों के लिए पक्का निर्माण शुरू कर दिया गया। आरोप है कि सीमेंट, सरिया और कंक्रीट से स्थायी ढांचा तैयार किया जा रहा है, जबकि अधिकारी इसे अस्थायी निर्माण बता रहे हैं।प्रदर्शनकारियों ने यह भी दावा किया कि लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने करीब 12 दिन पहले नगर निगम को पत्र लिखकर निर्माण रोकने के निर्देश दिए थे, इसके बावजूद काम जारी है। उनका कहना है कि वेंडिंग जोन बनने से अस्पताल, स्कूल और आवासीय क्षेत्र तक पहुंचने में लोगों को भारी दिक्कत होगी।स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि जब तक नगर निगम लिखित आश्वासन देकर निर्माण कार्य बंद नहीं करता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।