news-details

सऊदी अरब में नौकरी का सुनहरा मौका

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए विदेश में रोजगार पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से सऊदी अरब में विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी पोर्टल पर निःशुल्क पंजीकरण कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।भर्ती प्रक्रिया के तहत स्ट्रक्चर वेल्डर, वेल्डर, फैब्रिकेशन, प्लंबर, टेक्नीशियन सहित कई पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। चयनित अभ्यर्थियों को लगभग ₹43,962 से ₹99,188 प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। इन पदों के लिए हाईस्कूल, डिप्लोमा आदि शैक्षिक योग्यता निर्धारित की गई है तथा संबंधित क्षेत्र में 5 से 15 वर्ष का अनुभव अनिवार्य होगा। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 25 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए।जानकारी के अनुसार चयनित कर्मचारियों को प्रतिदिन 8 घंटे कार्य करना होगा तथा सप्ताह में 6 दिन ड्यूटी रहेगी। अनुबंध की अवधि 2 वर्ष निर्धारित की गई है। कंपनी द्वारा वीजा, यात्रा, आवास और मेडिकल इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। पंजीकरण या आवेदन में किसी प्रकार की समस्या होने पर अभ्यर्थी टोल फ्री नंबर 155330 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा जिला सेवायोजन कार्यालय, रविन्द्रनगर धूस, कुशीनगर में किसी भी कार्यदिवस पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया के लिए किसी प्रकार का मार्ग व्यय देय नहीं होगा।