news-details

शुक्लागंज पोनी रोड चौड़ीकरण को लेकर विवाद,

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव: शुक्लागंज स्थित पोनी रोड चौड़ीकरण परियोजना को लेकर स्थानीय लोगों और पीडब्ल्यूडी विभाग के बीच विवाद गहरा गया है। सड़क चौड़ीकरण को लेकर पहले 8 मीटर का मानक तय किया गया था, लेकिन अब विभाग द्वारा 9 मीटर चौड़ीकरण का नया नोटिस चस्पा किए जाने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी विभाग ने बिना किसी स्पष्ट सूचना के पहले से तय 8 मीटर के मानक को बदलकर 9 मीटर कर दिया और इसके तहत मकानों व दुकानों पर नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं। नोटिस में 4 जुलाई 2026 तक भवनों को स्वयं ध्वस्त करने का निर्देश दिया गया है, जिससे प्रभावित लोगों में आक्रोश फैल गया है।परियोजना करीब 1.77 करोड़ रुपये की बताई जा रही है, जिसके तहत लगभग 40 से 50 भवनों को सड़क की जद में बताया गया है। नोटिस जारी होने के बाद स्थानीय दुकानदारों और निवासियों ने विरोध जताते हुए प्रशासन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।लोगों का कहना है कि पहले 8 मीटर चौड़ीकरण का सीमांकन किया गया था, लेकिन अब बिना पारदर्शिता के इसे 9 मीटर कर दिया गया, जिससे असमंजस और नाराजगी बढ़ गई है। वहीं पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता हरदयाल अहिरवार ने कहा कि कई स्थानों पर अतिक्रमण पाया गया है और सड़क की चौड़ाई 9 मीटर ही रहेगी। उन्होंने बताया कि मौके की स्थिति के अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी और बिजली विभाग के साथ समन्वय कर ट्रांसफार्मर व एलटी लाइनों को भी स्थानांतरित किया जाएगा।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की पुनः जांच और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है, जबकि विभाग ने परियोजना को तय मानकों के अनुसार आगे बढ़ाने की बात कही है।