news-details

शिक्षक स्थानांतरण आवेदन प्रक्रिया शुरू

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी ने बताया कि शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में स्थानांतरण सत्र 2026-27 के अंतर्गत राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं के स्थानांतरण तथा समायोजन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसके लिए जनपद अमेठी के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में उपलब्ध रिक्त पदों एवं सरप्लस शिक्षकों की सूची एनआईसी अमेठी की वेबसाइट पर प्रदर्शित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि स्थानांतरण एवं समायोजन की कार्यवाही निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपादित की जाएगी। प्रथम चरण में रिक्त पदों तथा सरप्लस शिक्षकों का विवरण 12 जून 2026 को वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया है। इच्छुक शिक्षक एवं शिक्षिकाएं 18 जून 2026 तक निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन आवेदन जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की समर्पित ई-मेल आईडी transfergicandggicghs@gmail.com पर भेज सकते हैं। डॉ. द्विवेदी ने बताया कि प्राप्त आवेदनों का परीक्षण 25 जून 2026 तक किया जाएगा। परीक्षण के उपरांत स्थानांतरण की संस्तुति एवं अनुमोदन सहित योग्य शिक्षकों की सूची शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) कार्यालय को प्रेषित की जाएगी। इसके बाद 30 जून 2026 तक स्थानांतरण आदेश जारी कर कार्यमुक्ति एवं कार्यभार ग्रहण कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जनपद के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत सरप्लस एवं स्वेच्छा से स्थानांतरण के इच्छुक शिक्षक-शिक्षिकाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर अपना आवेदन ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि स्थानांतरण एवं समायोजन की कार्यवाही समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जा सके। उन्होंने बताया कि विस्तृत जानकारी एवं रिक्त पदों का विवरण एनआईसी अमेठी की वेबसाइट पर उपलब्ध है।