
PARDARSHI VIKASH NEWS श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर में चढ़ावे और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर चल रहे विवाद में नया मोड़ आ गया है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर अपने ऊपर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।कपिल शर्मा ने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन हैं। उन्होंने कहा कि सक्षम प्राधिकारी से जांच होने पर पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी। उनका दावा है कि वह पिछले 27 वर्षों से संस्थान से जुड़े हैं और उन्होंने कभी वेतन, मानदेय या अन्य सुविधाएं नहीं लीं।मामला तब सामने आया जब श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा फलाहारी ने मंदिर में चढ़ावे, दान और आभूषणों के प्रबंधन में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। उन्होंने संस्थान के सचिव पर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी।कपिल शर्मा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए फलाहारी पर भी पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विवादित बयान देकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि फलाहारी द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच होनी चाहिए।अब इस मामले में प्रशासन और मुख्यमंत्री कार्यालय के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।