
मुख्यमंत्री की घोषणाओं का जवाब विपक्षी दलों के पास नहीं
रामभक्तो पर गोली चलाने वाले कर रहे आस्था के नाम पर झूठी राजनीति
संजीव भारती
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ/सुल्तानपुर। श्री राम मंदिर अयोध्या में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर जनता के बीच सरकार की खराब हो रही छवि को लेकर डैमेज कंट्रोल और विरोधी दलों को जबाब देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के दौरे कर रहे हैं और विकास योजनाओं की सौगात दे रहे हैं। विधानसभा चुनाव नजदीक होने के कारण मुख्यमंत्री की घोषणाओं को लेकर नये कयास लगाए जा रहे हैं। माहौल भाजपा के पक्ष में होने की इंटीजेंस रिपोर्ट मिलते ही सरकार उत्तर प्रदेश में समय से पहले चुनाव करा सकती है। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने सुल्तानपुर में समीक्षा बैठक के बाद जनसभा में राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद आस्था के सवाल को लेकर विपक्षी दलों खासकर समाजवादी पार्टी को निशाने पर लिया।सहारनपुर से लेकर सुल्तानपुर तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और समीक्षा बैठक के बाद विकास पैकेज की घोषणाओं ने नये कयासों को जन्म दिया है।राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अगले विधानसभा चुनाव में श्री राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला मुद्दा न बने और सरकार के खिलाफ जनता की नाराज़गी कम की जाय, मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों का यही उद्देश्य है। उत्तर प्रदेश में इस मुद्दे का असर कम होते और माहौल भाजपा के पक्ष में होते ही सरकार विधानसभा चुनाव करा सकती है।पूरी तैयारी होते ही मुख्यमंत्री स्वयं विधानसभा भंग कर सकते हैं।जनसंघ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हुए वरिष्ठ कार्यकर्ता ने बताया कि पिछले तीन महीने से भाजपा की बैठकों में कार्यकर्ताओं की संख्या कम हो रही है। सरकार की ओर से प्रायोजित कार्यक्रमों में जनता नहीं आ रही है। भाजपा के नेता मंच जरुर सुशोभित करते हैं, परंतु भीड़ नहीं आती है। वहीं लोग आते हैं जो योजनाओं के लाभार्थी हैं। प्रभारी मंत्रियों के कार्यक्रमों में सरकारी कर्मचारियों को बुलाकर अधिकारी भीड़ का इंतजाम कर रहे हैं। ज़मीन की रिपोर्ट मुख्यमंत्री तक पहुंच गई है, इसलिए उन्होंने सरकार और संगठन की छवि को लेकर डैमेज कंट्रोल को स्वयं प्रदेश के दौरे पर निकल चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को विपक्षी दलों पर ंनिशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने राम भक्तों पर गोली चलवाई, वे आज आस्था की बात कर रहे हैं। सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आस्था उसकी आहत होती है जिसकी आस्था रही हो, जिन्होंने गोली चलवाई उनकी कैसी आस्था?मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जो लोग मस्जिद नहीं बना पाए, वे आज भव्य राम मंदिर के निर्माण पर आश्चर्यचकित हैं और हमारी आस्था को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। इसी कार्यक्रम में सीएम योगी ने सुल्तानपुर और इसौली विधानसभा क्षेत्रों के लिए 819 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।उन्होंने अयोध्या, सुल्तानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और लखनऊ के बीच बेहतर सड़क संपर्क तथा अयोध्या अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से क्षेत्र के विकास को गति मिलने की बात कही। सीएम योगी ने सुल्तानपुर के लिए नई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज के बाद अब यहां एक नर्सिंग कॉलेज स्थापित किया जाएगा, जिसका लक्ष्य शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित करना है।उन्होंने यह भी कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने ईसौली विधायक पर विकास कार्यों में रुचि न लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि सुशासन और विकास की गारंटी केवल 'डबल इंजन' सरकार ही दे सकती है।इस जनसभा में प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव, सुरेश पासी, विधायक राजेश गौतम, विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, एमएलसी शैलेंद्र सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। डीआईजी सोमेन वर्मा, डीएम इंद्रजीत सिंह और एसपी चारू निगम समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।