news-details

श्रद्धा संग मनाई गई बाबा साहेब अंबेडकर जयंती

You can share this post!

 Pardarshi Vikas News Etawah

कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। जिलाधिकारी कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन समाज में समानता, न्याय और अधिकारों की स्थापना के लिए समर्पित रहा। उन्होंने गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के हितों के लिए लगातार संघर्ष किया। डीएम ने कहा कि शिक्षा को बाबा साहेब सबसे बड़ा हथियार मानते थे और उनका संदेश था कि दो रोटी कम खाओ, लेकिन बच्चों को शिक्षा जरूर दिलाओ।

उन्होंने बताया कि डॉ. अंबेडकर का जन्म मध्य प्रदेश के महू में 14 अप्रैल को हुआ था। कठिन परिस्थितियों और सामाजिक भेदभाव के बावजूद उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त की और समाज की कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई। स्वतंत्र भारत के संविधान निर्माण में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही।

समारोह के दौरान अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर, उप जिलाधिकारी न्यायिक समेत कलेक्ट्रेट के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संजय वर्मा ने किया।