
पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। घाटमपुर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव शादीशुदा प्रेमिका के घर में फंदे से लटका मिला। युवक मंगलवार देर रात प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। परिवार के लोगों के सामने पकड़े जाने और बदनामी के डर से उसने कथित तौर पर कमरे में साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी।मृतक की पहचान फतेहपुर जिले के मोहन खेड़ा निवासी शिव प्रताप सिंह (25) उर्फ सौरव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसकी फेसबुक के जरिए रवाईपुर निवासी पूजा से दोस्ती हुई थी। दोनों करीब तीन साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे। पूजा शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।मंगलवार रात शिव प्रताप अपनी बाइक गांव के बाहर खड़ी कर पूजा के घर पहुंचा। पूजा ने उसे एक कमरे में बैठाया। इसी दौरान उसके देवर परितोष को कमरे में किसी के होने का शक हुआ। उसने बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद परिवार के लोगों के पहुंचने पर घर में हंगामा शुरू हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरा खुलवाया तो युवक का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता सूरजभान सिंह ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया के अनुसार, शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।