
Pardarshi Vikas News Hamirpur
मौदहा तहसील क्षेत्र के न्यूरिया गांव में देसी शराब के ठेके के विरोध में ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले पहुंचे ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए ठेके को गांव के बीच से हटाकर बाहर स्थानांतरित करने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेका नियमों के विपरीत आबादी के बीच संचालित हो रहा है, जिससे महिलाओं और बच्चों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि शाम होते ही ठेके के आसपास शराबियों का जमावड़ा लग जाता है, जो नशे में अभद्रता करते हैं और माहौल खराब करते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शराबी रात में घरों के दरवाजे खटखटाते हैं और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हैं। इससे गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
प्रशासन से ग्रामीणों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ठेका हटाने की मांग की है, ताकि गांव में शांति और सुरक्षा बहाल हो सके।