
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। मलिहाबाद थाना क्षेत्र में देशी शराब ठेके पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें लोहे की पाइप से हमला कर एक सेल्समैन की हत्या कर दी गई। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप भी बरामद कर ली गई है।जानकारी के अनुसार, 11 मई 2026 को ढेढेमऊ स्थित शराब ठेके पर अजय कुमार जायसवाल (रिंकू) सेल्समैन के रूप में कार्यरत थे। इसी दौरान ग्राम ढेढेमऊ निवासी नन्हक्के कश्यप का ठेके पर शराब खरीदने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर लोहे की पाइप से अजय कुमार के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।बीच-बचाव करने पहुंचे रज्जन लाल पर भी आरोपी ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर आरोपी नन्हक्के कश्यप को समदा तालाब के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया और हत्या में प्रयुक्त पाइप भी बरामद कर ली गई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।