
PARDARSHI VIKASH NEWS गोवर्धन क्षेत्र में गुरुवार रात आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।गोवर्धन-सौंख रोड स्थित पेठा पेट्रोल पंप के पास बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मुख्य मार्ग से गुजर रही एक कार पर अचानक विशाल पेड़ गिर पड़ा। पेड़ गिरने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन वाहन में सवार लोगों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।घटना के बाद गोवर्धन-सौंख मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क पर पेड़ गिरने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को घंटों तक जाम का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। सड़क से पेड़ हटाने के लिए क्रेन और कटर मशीनों की मदद ली गई। अधिकारियों ने बताया कि यातायात जल्द सामान्य कराने के प्रयास किए गए।आंधी के कारण कई जगह बिजली के तार और खंभे भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे कई इलाकों में बिजली गुल रही। बिजली विभाग की टीमें रातभर मरम्मत कार्य में जुटी रहीं। तेज तूफान और बारिश से क्षेत्र में नुकसान जरूर हुआ, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।