
पारदर्शी विकास न्यूज़ बेला, औरैया। बेला-दिबियापुर मार्ग पर नीमहार मोड़ के सामने शुक्रवार को तेज रफ्तार स्कार्पियो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार उदय प्रताप (30-35) गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्कार्पियो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।कन्नौज के सकरावा थाना क्षेत्र के नगला खेमकरन निवासी उदय प्रताप बाइक से बेला की ओर जा रहे थे। नीमहार मोड़ के पास सामने से आ रही स्कार्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से वह सड़क किनारे खड्ड में जा गिरे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सीएचसी सहार भेजा, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि फरार चालक की तलाश की जा रही है। उदय प्रताप बिजली विभाग में करीब आठ वर्षों से संविदा पर कार्यरत थे। उनकी मौत से पत्नी और दो बच्चों सहित परिवार में कोहराम मचा है।