
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या। अयोध्या-लखनऊ नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह रौनाही थाना क्षेत्र के मुबारकगंज के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।मृतकों की पहचान गोंडा निवासी पिंकी (34), उनकी 14 वर्षीय बेटी परी और सिद्धार्थनगर निवासी दुर्गेश गुप्ता (50) के रूप में हुई है। वहीं दुर्गेश की पत्नी विजयलक्ष्मी, बेटा अभिषेक, राधेश्याम और उनका बेटा गोलू घायल हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार, दोनों परिवार हरिद्वार से दर्शन कर गोंडा लौट रहे थे। स्कॉर्पियो में कुल सात लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटा से अधिक थी। चालक नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर के बाद वाहन में फंसे लोगों को पुलिस ने शीशे तोड़कर बाहर निकाला।हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक और स्कॉर्पियो को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।