
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पत्नी और बच्चे का इलाज कराकर लौट रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पंकज सिंह उछलकर दूर जा गिरे, जबकि उनकी पत्नी और दो साल की बेटी ट्रक के पहिए की चपेट में आकर मौके पर ही दम तोड़ दिया। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।जानकारी के अनुसार, कानपुर देहात के मूसानगर क्षेत्र के कैलाशपुर पुलंदर निवासी किसान पंकज सिंह अपनी पत्नी साधना देवी (30) और बेटी आच्छवी (2) को इलाज के लिए नौबस्ता स्थित एक क्लीनिक लेकर गए थे। इलाज के बाद वे बाइक से घर लौट रहे थे, तभी शंभुआ विद्युत उपकेंद्र के पास यह हादसा हुआ।टक्कर इतनी तेज थी कि मां-बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पंकज घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।