
PARDARSHI VIKASH NEWS पटना। Tej Pratap Yadav के खिलाफ उनकी कथित मित्र अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तेजप्रताप यादव और उनके सहयोगियों की ओर से परिवार को धमकियां दी गईं तथा गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।आकाश यादव का आरोप है कि उन्हें फोन पर धमकी दी गई और कहा गया कि यदि उन्होंने कुछ मामलों में हस्तक्षेप किया या विरोध किया तो उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि विदेश के एक नंबर से कॉल कर दबाव बनाने की कोशिश की गई। मामले से जुड़ी कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्य अदालत में प्रस्तुत किए गए हैं।पटना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कॉल रिकॉर्ड, वॉइस नोट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।वहीं तेजप्रताप यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से सभी आरोपों को निराधार और राजनीतिक साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज शिकायत उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से कराई गई है और उन्होंने किसी को धमकी नहीं दी है।पूरा विवाद उस समय चर्चा में आया था जब मई 2025 में सोशल मीडिया पर अनुष्का यादव के साथ तेजप्रताप यादव की कुछ तस्वीरें और पोस्ट वायरल हुए थे। बाद में तेजप्रताप यादव ने दावा किया कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर पोस्ट साझा किए गए थे। इसके बाद अनुष्का यादव और उनकी बेटी को लेकर विभिन्न दावे और आरोप सामने आए, जिन्हें तेजप्रताप यादव ने खारिज किया।फिलहाल मामला जांच के अधीन है और पुलिस सभी पक्षों के बयान तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।