
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कल्याणपुर क्षेत्र में रिटायर्ड दरोगा के बेटे को गोली मारने के मामले में नामजद तीनों आरोपियों ने शनिवार सुबह कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस लगातार उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। मंगलवार को फरीदाबाद से बीमार ताऊ को देखने आए प्रदीप को पुरानी रंजिश के चलते गोकुल, दीपांकर उपाध्याय और रोहित सिंह उर्फ बाबू ने पार्क में बुलाया था। आरोप है कि वहां पहले शराब पिलाने के बाद पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई और दीपांकर ने तमंचे से फायर कर दिया।गोली लगने से प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर रीजेंसी रेफर किया गया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।पुलिस के दबाव के बाद तीनों आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम अबिदी ने बताया कि आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।वहीं घायल प्रदीप को अस्पताल में देखने पहुंचे उसके ताऊ की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार सदमे में है।