news-details

ट्रेन की चपेट में आए लैब संचालक

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर सेवरही। गुरुवार देर रात रेलवे ट्रैक पर एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को चिंता और गम में बदल दिया। ट्रेन की चपेट में आने से लैब संचालक शशि भूषण मिश्रा (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि उनके दोनों पैर कट गए और शरीर से काफी खून बहने लगा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के ईएमटी अमरजीत जायसवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल शशि भूषण को प्राथमिक उपचार दिया और अत्यधिक रक्तस्राव रोकने का प्रयास किया। इसके बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सेवरही पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।एंबुलेंस चालक दिनेश देर रात उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। घायल की पहचान तरया सुजान थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर निवासी शशि भूषण मिश्रा के रूप में हुई है। वह सलेमगढ़ में लैब संचालित करते हैं।जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि मरीज को देर रात अस्पताल लाया गया था। काफी खून बह जाने के कारण उनकी हालत गंभीर थी। उन्हें आवश्यक उपचार देने के साथ ही चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।हादसे ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। रोजमर्रा की जिंदगी में अपने काम के जरिए परिवार का सहारा बने शशि भूषण के साथ हुई इस घटना ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल सभी की निगाहें उनके स्वास्थ्य में सुधार पर टिकी हैं।