
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। नौबस्ता थाना क्षेत्र स्थित यशोदा नगर में बुधवार को सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर में करंट उतरने से एक बंदर की मौत हो गई। साथी बंदर की मौत के बाद बंदरों का झुंड आक्रामक हो गया और आसपास मौजूद लोगों को दौड़ाने लगा। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग दुकानों व घरों में छिप गए। कुछ दुकानदारों ने एहतियातन दुकानें भी बंद कर दीं।घटना मनीष ऑटो पार्ट्स के पास लगे ट्रांसफार्मर की है। स्थानीय लोगों के मुताबिक बंदर ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया था, तभी वह करंट की चपेट में आ गया। घटना के बाद अन्य बंदर शोर मचाते हुए इधर-उधर दौड़ने लगे और लोगों पर झपटने का प्रयास करने लगे।सूचना मिलने पर नगर निगम और केस्को की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि अंकित शुक्ला भी घटनास्थल पहुंचे। कर्मचारियों ने सावधानीपूर्वक मृत बंदर को ट्रांसफार्मर से हटाया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।स्थानीय लोगों ने खुले में रखे ट्रांसफार्मरों को हादसों का कारण बताते हुए उनकी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।