news-details

ट्रांसफार्मर में लगी आग से चार झुलसे

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया, कुशीनगर। कुशीनगर विधानसभा क्षेत्र के कुवेरस्थान विद्युत उपकेंद्र अंतर्गत कोहड़ा गांव में सोमवार को 100 केबीए विद्युत ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड होने के कारण अचानक आग लग गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तत्काल प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों को इसकी सूचना दी।घटना में घायल महेश्वर सिंह (39 वर्ष), अंगिरा सिंह (28 वर्ष), दिव्यांश सिंह (6 वर्ष) और शिवाय सिंह (3 वर्ष) का इलाज चल रहा है। ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।सूचना मिलते ही कुशीनगर के विधायक पीएन पाठक मौके पर पहुंचे और घायलों के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा देते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक के सामने विद्युत विभाग के अवर अभियंता और लाइनमैन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप था कि ट्रांसफार्मर पर लगातार बढ़ते लोड और बिजली संबंधी समस्याओं की शिकायत दर्जनों बार विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से की गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी लापरवाही के कारण यह बड़ा हादसा हुआ।ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक पीएन पाठक ने तत्काल उच्च अधिकारियों से फोन पर वार्ता की और मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने गांव की विद्युत व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी बात कही।हादसे के बाद पूरे कोहड़ा गांव और आसपास के क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से ओवरलोडिंग की समस्या का स्थायी समाधान करने, ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने और जर्जर विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग की है।