news-details

ट्रांसफार्मर में धमाके के बाद लगी आग

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र के मंधना रोड स्थित ब्लू वर्ल्ड होटल के सामने ट्रांसफार्मर में हुए धमाके के बाद लगी आग में झुलसी महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। जानकारी के मुताबिक बीते बुधवार शाम एक फैक्ट्री के बाहर रखे ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में बनी दो दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग से दुकानों के टट्टर और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे में एक महिला और एक युवक झुलस गए थे। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गंभीर रूप से झुलसी पुष्पा पाल (60), जो परचून की दुकान चलाती थीं, को कल्याणपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी, जो फैलकर पास की दुकानों तक पहुंच गई। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।