
PARDARSHI VIKASH NEWS अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उसने अपनी गतिविधियां नहीं रोकीं तो उसका अस्तित्व ही खतरे में पड़ सकता है। ट्रुथ सोशल पर जारी पोस्ट में ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने अब तक संयम बरता है, लेकिन जरूरत पड़ने पर शुरू किए गए सैन्य अभियान को पूरी तरह अंजाम दिया जाएगा। इसी बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया कि अमेरिकी नौसेना ने होर्मुज स्ट्रेट के पास ईरान के 10 सैन्य ठिकानों पर हमला किया। यह कार्रवाई तेल टैंकर ‘एम/टी किकु’ पर हुए ड्रोन हमले के जवाब में की गई। दूसरी ओर ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कुवैत और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले का दावा किया है। ईरान ने अमेरिकी हवाई हमलों को युद्धविराम का उल्लंघन बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। वहीं कुवैत, बहरीन, ओमान और अन्य खाड़ी देशों ने क्षेत्रीय तनाव बढ़ने पर चिंता जताई है। दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य टकराव से पश्चिम एशिया में हालात और अधिक तनावपूर्ण हो गए हैं।