
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। वीआईपी रोड स्थित ग्रीनपार्क चौराहे पर रविवार रात फॉर्च्यूनर सवार युवकों ने जमकर हंगामा किया। नशे में धुत युवकों ने पहले बाइक सवार को टक्कर मार दी। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। आरोप है कि युवक बाइक सवार को जबरन कार में बैठाने की कोशिश कर रहे थे।हंगामा बढ़ता देख मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने बीच-बचाव किया और घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इस पर आरोपी युवक पुलिसकर्मी को धमकाने लगे। एक युवक ने पुलिसकर्मी से कहा कि सांसद भोले सिंह को जानते हो, वह हमारे ताऊ हैं। अभी बात कराते हैं।पुलिसकर्मी ने स्थिति बिगड़ती देख वायरलेस सेट से कंट्रोल रूम को सूचना दी और अतिरिक्त फोर्स भेजने की मांग की। उसने बताया कि मौके पर लोग मारपीट और बदसलूकी कर रहे हैं। इसी दौरान आरोपी युवक ने वीडियो बनाने पर आपत्ति जताते हुए पुलिसकर्मी से उसका नाम पूछा, जिस पर पुलिसकर्मी ने नेमप्लेट पढ़ने को कहा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सफेद रंग की फॉर्च्यूनर (UP 78 HV 6007) डीजी कॉलेज की तरफ से आ रही थी। ग्रीनपार्क चौराहे पर मोड़ के दौरान कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसके बाद कार में बैठे युवक नीचे उतरे और बाइक सवार से विवाद करने लगे। मामला बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई।स्थानीय लोगों और ट्रैफिक पुलिस के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से अपनी कार लेकर फूलबाग की ओर फरार हो गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विवाद का वीडियो सामने आया है। पीड़ित की ओर से अभी कोई शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पुलिस ने अपनी तरफ से मुकदमा दर्ज कर लिया है। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

28 जून को एक वीडियो सामने आया था कि कुछ लोगों में आपस में विवाद हुआ था। अभी तक पीड़ित कोई सामने नहीं आया है। हालांकि, पुलिस ने अपनी तरफ से मुकदमा दर्ज कराया गया है। जो दोषी हैं, उन्हें चिह्नित किया जा रहा है।-डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव