
डीएम-एसपी ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा, रामलीला, दशहरा और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी शशांक चौधरी और पुलिस अधीक्षक सर्वनन टी ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। डीएम ने पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने तथा विसर्जन घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए। घाटों पर बैरियर, सीसीटीवी कैमरे, नाव, लाइफ जैकेट और प्रशिक्षित कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस, चिकित्सकों और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को पूजा पंडालों का निरीक्षण करने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। पूजा पंडालों और विसर्जन घाटों के आसपास मांस, मछली और मदिरा की दुकानों पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने को भी कहा गया। बैठक में एडीएम ज्योति सिंह, एएसपी ज्ञानेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।