
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। आगामी त्योहारों को देखते हुए मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी शशांक चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक हुई। डीएम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कम से कम 20-20 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी के निर्देश दिए। एसडीएम के साथ प्रत्येक क्षेत्र में पांच-पांच संयुक्त अभियान भी चलाए जाएंगे।जिलाधिकारी ने मिठाई की दुकानों, डेयरी, होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, मेडिकल स्टोर, दूध संग्रहण केंद्र, मिड-डे मील, सरकारी राशन दुकानों और पोषाहार केंद्रों की सघन जांच कर नमूने प्रयोगशाला भेजने को कहा। विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की भी औचक जांच होगी। डीएम ने खाद्य सामग्री को अखबार या प्रिंटेड कागज में पैक करने पर रोक के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। पूर्व में चिन्हित संदिग्ध प्रतिष्ठानों की दोबारा जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एडीएम ज्योति सिंह, सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह सहित अधिकारी और व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।