
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर देहात
अकबरपुर तहसील परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब परिसर में खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। जानकारी के मुताबिक यह कार एसडीएम अकबरपुर सदर तहसील के पेशकार पंकज की थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद परिसर में मौजूद कर्मचारी, अधिवक्ता और फरियादी घबरा गए।लोगों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए पास खड़ी अन्य गाड़ियों को हटाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।