
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कोहना थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर 72 वर्षीय रिटायर्ड मर्चेंट नेवी अधिकारी से 1.25 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने करीब दो माह के दौरान 19 किश्तों में आरोपियों के खातों में रकम ट्रांसफर की। मामले में कोहना थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस और साइबर सेल जांच में जुट गई है। तिलक नगर स्थित सुखधाम अपार्टमेंट निवासी पीड़ित के अनुसार फरवरी 2026 में फेसबुक के माध्यम से एक महिला से संपर्क हुआ। महिला ने खुद को बीमार बताते हुए मदद मांगी और वीडियो भेजकर विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसने अधिक मुनाफे का लालच देते हुए एक वेबसाइट का लिंक भेजा और निवेश के लिए प्रेरित किया। पीड़ित ने 15 फरवरी से 13 अप्रैल के बीच 19 बार में कुल 1.25 करोड़ रुपये विभिन्न खातों में भेज दिए। बाद में वेबसाइट पर निवेश की राशि 2.50 करोड़ रुपये दिखाई गई। जब पीड़ित ने रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने पहले दो बार 30-30 लाख रुपये अतिरिक्त जमा कराने के लिए कहा और फिर 90 लाख रुपये की नई मांग रख दी। शक होने पर पीड़ित के एक परिचित ने परिवार को जानकारी दी, जिसके बाद साइबर ठगी का खुलासा हुआ। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम देशभर के करीब दो हजार बैंक खातों में कई स्तरों पर ट्रांसफर की गई। बड़ी रकम बेंगलुरु, फरीदाबाद, साहिबाबाद, मध्य प्रदेश और कर्नाटक के खातों में भेजी गई। पुलिस अब तक 24 लाख रुपये की राशि फ्रीज करा चुकी है। साइबर सेल लेनदेन की जांच कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।