
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। केशव नगर स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में स्वागत कार्यक्रम के दौरान दो पदाधिकारियों के बीच हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। पूर्व जिला मंत्री शिवपूजन सविता ने जिला सह-मीडिया प्रभारी डॉ. विनय सिंह राठौर पर जातिसूचक गाली देने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। कार्रवाई की मांग को लेकर शिवपूजन बुधवार देर रात समर्थकों के साथ हनुमंत विहार थाने पहुंचे। मुकदमा दर्ज न होने पर समर्थकों ने थाने के गेट पर करीब चार घंटे तक धरना दिया। पुलिस ने शिवपूजन का मेडिकल परीक्षण कराया।विवाद भाजपा प्रदेश महामंत्री और कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र प्रभारी शंकर लाल लोधी के स्वागत कार्यक्रम के दौरान मंच पर कुर्सी को लेकर शुरू हुआ। कहासुनी के बाद दोनों पदाधिकारियों में हाथापाई हो गई। पार्टी नेताओं ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया और कार्यक्रम से बाहर भेज दिया। आरोप है कि बाहर निकलने के बाद भी दोनों के बीच दोबारा मारपीट हुई।मामले को गंभीरता से लेते हुए भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू ने पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। कमेटी को तीन दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी, जिलाध्यक्ष दक्षिण शिवराम सिंह, जिलाध्यक्ष उत्तर अनिल दीक्षित, जिलाध्यक्ष ग्रामीण उपेंद्र पासवान और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अशोक राजपूत शामिल हैं। पार्टी ने जांच में दोषी पाए जाने वाले पदाधिकारी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात कही है।