
PARDARSHI VIKASH NEWS वाराणसी के हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के पीछे बनियापुर क्षेत्र में दो युवकों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों शव एक बाउंड्री के पास संदिग्ध परिस्थितियों में पड़े मिले। आशंका जताई जा रही है कि युवकों की हत्या करने के बाद शव यहां लाकर फेंके गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी।मृतकों की पहचान हुकुलगंज की नई बस्ती निवासी अभिजीत गांगुली और चोलापुर के कोहासी निवासी निहाल सिंह के रूप में हुई है। दोनों जमीन के कारोबार से जुड़े थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों किसी रिश्तेदार की जमीन देखने गए थे, जिसके बाद उनका संपर्क टूट गया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आखिरी बार किन लोगों के संपर्क में थे।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शव पुराने प्रतीत हो रहे थे और उनसे दुर्गंध आ रही थी, जिससे अंदेशा है कि मौत एक-दो दिन पहले हुई होगी। घटनास्थल से एक संदिग्ध जहरीला पदार्थ भी बरामद होने की सूचना है, जिसकी जांच कराई जा रही है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।घटना की सूचना पर डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार, एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच हत्या, विषाक्त पदार्थ और कारोबारी विवाद समेत कई पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।